ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच ईरान में भारतीय नागरिकों के फंसे होने की खबर सामने आ रही है। गाजियाबाद के डीएलएफ क्षेत्र में रहने वाले केतन मेहता, जो मर्चेंट नेवी में सेकंड इंजीनियर हैं, ईरान में हिरासत में लिए गए भारतीयों में शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार केतन मेहता दुबई से ईरान की ओर अपने समुद्री जहाज से जा रहे थे। इसी दौरान ईरान की रिवॉल्यूशन फोर्स के गार्ड्स ने जहाज को रोक लिया और केतन मेहता समेत करीब 16 क्रू मेंबरों को हिरासत में ले लिया। घटना के बाद से परिवार गहरे सदमे में है।
इस मामले में केतन मेहता की मां रजनी मेहता ने खास बातचीत में बताया कि अंतिम बार बेटे से बात तब हुई थी जब वह दुबई से ईरान के लिए रवाना हो रहे थे। काफी समय तक संपर्क न होने के बाद अचानक जहाज के कप्तान के भाई ने परिवार को सूचना दी कि ईरानी रिवॉल्यूशन गार्ड्स ने जहाज और क्रू मेंबरों को हिरासत में ले लिया है। इकलौते बेटे के ईरान जैसे संवेदनशील देश में फंसे होने की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।














