रायबरेली। इंदौर में हुई घटना के बाद रायबरेली जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। शहर में पेयजल की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए नगर पालिका द्वारा व्यापक स्तर पर जांच अभियान शुरू कर दिया गया है।
नगर पालिका की टीमें शहर के विभिन्न वार्डों में जाकर पानी की गुणवत्ता की जांच कर रही हैं। जलकल विभाग की टीम पानी की शुद्धता को लेकर लगातार सैंपल एकत्र कर रही है। सभी वार्डों से पानी के सैंपल लेकर ओटी टेस्ट किया जा रहा है।
ईओ नगर पालिका के अनुसार जांच के दौरान पानी में क्लोरीन की मात्रा पाई जा रही है, जो मानकों के अनुसार है। अब तक की जांच में पानी पूरी तरह शुद्ध पाया गया है।
शहर के जैतुपुर क्षेत्र में भी नगर पालिका की टीम ने आज पानी की शुद्धता की जांच की। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और यदि कहीं समस्या दिखे तो तुरंत नगर पालिका को सूचित करें।








