Varanasi | Liberal Media
भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान (आईआईवीआर), वाराणसी के निदेशक डॉ. राजेश कुमार के नेतृत्व में संस्थान के वैज्ञानिकों एवं कर्मचारियों के लिए सुंदरपुर स्थित गेस्ट हाउस में 17 जनवरी को एक दिवसीय राष्ट्रीय कर्मयोगी जन सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम केंद्र सरकार के क्षमता निर्माण आयोग द्वारा संचालित मिशन कर्मयोगी का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य सरकारी कर्मियों में सेवा भाव, नेतृत्व क्षमता और नागरिक-केंद्रित शासन को सशक्त बनाना है।
प्रशिक्षण सत्र का उद्घाटन करते हुए निदेशक डॉ. राजेश कुमार ने कहा कि यह कार्यक्रम आईआईवीआर के वैज्ञानिकों एवं कर्मचारियों को कृषि अनुसंधान और विस्तार कार्यों में योगिक दृष्टिकोण के साथ सेवा करने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि कर्मयोगी की भावना अपनाकर संस्थान सब्जी उत्पादकता वृद्धि और किसान कल्याण के अपने मिशन को और अधिक प्रभावी बना सकता है।








