शाहजहांपुर | LIBERAL MEDIA
प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने आज शाहजहांपुर में प्रेस वार्ता कर बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होली के अवसर पर शाहजहांपुर वासियों को बड़ी सौगात दी है। नगर विधानसभा क्षेत्र की 59 सड़कों को निर्माण योजना में शामिल किया गया है, जिससे पूरे शहर का कायाकल्प होगा और नई सड़कों का निर्माण कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इन सड़कों के निर्माण पर कुल 52 करोड़ 45 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश और प्रदेश की दिशा और दशा तेजी से बदल रही है।
सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था बेहतर होने के कारण विदेशी उद्योगपति भी यहां निवेश को सबसे अधिक सुरक्षित मान रहे हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि पहले सड़कों का पुनर्निर्माण आठ वर्ष बाद होता था, लेकिन अब यह कार्य पांच वर्ष में ही पूरा कर लिया जाएगा। साथ ही एक शर्त भी रखी गई है कि यदि पांच वर्ष के भीतर सड़क पर गड्ढे या किसी प्रकार का मेंटेनेंस कार्य सामने आता है, तो संबंधित ठेकेदार ही उसका रखरखाव सुनिश्चित करेगा।








