Liberal Media | Agra
आगरा। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के बोदला चौराहे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब हीलियम गैस के सिलेंडर में जोरदार ब्लास्ट हो गया। बताया जा रहा है कि एक युवक लूना गाड़ी पर हीलियम गैस का सिलेंडर बांधकर बेलून बेच रहा था। इसी दौरान एक अन्य वाहन ने लूना में टक्कर मार दी, जिससे सिलेंडर असंतुलित होकर फट गया।
ब्लास्ट इतना तेज था कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और सड़क पर गिरकर तड़पता रहा। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को संभालने की कोशिश की और पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना जगदीशपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि सिलेंडर सुरक्षा मानकों के अनुरूप था या नहीं और हादसे में किसकी लापरवाही रही।








