हसनपुर में गजरौला थाना क्षेत्र के एक स्कूल से पढ़ाई कर घर लौट रहे छात्र-छात्राओं के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित छात्र-छात्राएं परिजनों के साथ कोतवाली पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के गांव सहसौली निवासी अभिषेक, पुष्पेंद्र, अफजल, फैसल, निकिता व लवी मंगलवार शाम स्कूल से पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव सिहाली जागीर में कुछ बच्चों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने अपने परिजनों को बुला लिया, जिसके बाद मौके पर पहुंचे एक व्यक्ति ने छात्र-छात्राओं के साथ मारपीट की और धमकी देकर फरार हो गया।
घटना के बाद पीड़ित छात्र-छात्राएं घर पहुंचे और परिजनों को घटना बताई। देर रात परिजन उन्हें लेकर कोतवाली पहुंचे और तहरीर दी। बुधवार सुबह फिर से परिजन कोतवाली पहुंचे और प्रभारी निरीक्षक से कार्रवाई की मांग की। प्रभारी निरीक्षक प्रेमपाल ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है, मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।








