हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस

By Liberal Media

Published On:

Date:

—संविधान की मजबूती से ही राष्ट्र का विकास संभव : सुरेश खन्ना
शाहजहांपुर, 26 जनवरी। जनपद में 77वां गणतंत्र दिवस उत्साह, अनुशासन और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, नगर आयुक्त डॉ. विपिन कुमार मिश्र, महापौर अर्चना वर्मा और जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव ने गांधी भवन, नगर निगम परिसर और शहीद उद्यान में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी ने ध्वजारोहण कर अधिकारियों और कर्मचारियों को भारतीय संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई तथा शहीद परिवारों को सम्मानित किया। उन्होंने जनपद में संचालित विकास कार्यों की जानकारी भी साझा की।
गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह पुलिस लाइन में आयोजित किया गया, जहां वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली और गुब्बारे व कबूतर उड़ाकर शांति, एकता और सौहार्द का संदेश दिया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान केवल कानूनों का संकलन नहीं, बल्कि लोकतंत्र की आत्मा है, जो नागरिकों को अधिकारों के साथ जिम्मेदारियों का भी बोध कराता है।
मुख्य अतिथि ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है। किसानों, महिलाओं और युवाओं के सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। कन्या सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना, स्वरोजगार और एमएसएमई को बढ़ावा देकर आर्थिक मजबूती सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश विकास, कानून व्यवस्था और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा परेड में शामिल पुलिसकर्मियों को पांच दिन के विशेष अवकाश की घोषणा की गई। स्कूली बच्चों और कलाकारों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों को भी सराहा गया।
कार्यक्रम में सांसद अरुण कुमार सागर, राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार कठेरिया, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह, एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता, ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह, जिला अध्यक्ष केसी मिश्रा, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष डीपीएस राठौर, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, सुरेंद्रनाथ वाल्मीकि, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, एसपीआरए दीक्षा भंवरे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights