इटावा के ऊसराहार थाना क्षेत्र में एक विवाह समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में घायल युवक सूर्यकांत गुप्ता उर्फ पुष्कर (27) की इलाज के दौरान 16 दिन बाद मौत हो गई। घटना 30 नवंबर की रात ताखा कस्बे के एक गेस्टहाउस में बरात के दौरान हुई थी, जब एक बाराती ने रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी और गोली पास खड़े पुष्कर के पेट में जा लगी।
घटना के बाद पुलिस ने घायल युवक को सैफई पीजीआई पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर आगरा और फिर दिल्ली के मेदांता अस्पताल रेफर किया गया। जीवन और मौत से संघर्ष करते हुए पुष्कर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बताया गया कि मेदांता से ग्वालियर ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हुई।
पुलिस के मुताबिक हर्ष फायरिंग करने वाला आरोपी शेष कुमार यादव, बीएसएफ में तैनात है और उसने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग की थी। आरोपी को घटना के दिन ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। मृतक के परिवार में दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक माह का बेटा और एक छोटी बेटी शामिल हैं। इस हादसे के बाद परिवार में गहरा शोक व्याप्त है।








