हापुड़। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचारों के विरोध में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के नेतृत्व में देवी मंदिर रेलवे रोड फ्रीगंज तिराहा से अतरपुरा चौराहा चौक तक आक्रोश प्रदर्शन किया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए यूनुस खान का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए, जो हाथों में तख्तियां लेकर बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा की मांग कर रहे थे। वक्ताओं ने कहा कि पड़ोसी देश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के साथ हो रही हिंसा गंभीर चिंता का विषय है।
विश्व हिंदू परिषद ने भारत सरकार से कूटनीतिक हस्तक्षेप कर बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस मौके पर संगठन के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।








