गोरखपुर के बड़े कारोबारी पर इनकम टैक्स की बड़ी कार्रवाई, चार ठिकानों पर एक साथ छापा

By Liberal Media

Published On:

Date:

अजीत सिंह
गोरखपुर(ब्यूरो)। गोरखपुर के बड़े कारोबारी के ठिकानों पर आयकर विभाग ने गुरुवार सुबह बड़ी कार्रवाई की है। बनारस से आई इनकम टैक्स की टीम ने मेडिकल रोड स्थित एमबी मोटर्स सहित कुल चार ठिकानों पर एक साथ छापा मारा है। कार्रवाई सुबह करीब 6 बजे शुरू हुई, जो लगातार साढ़े चार घंटे से अधिक समय तक जारी रही।
मेडिकल रोड स्थित एमबी मोटर्स पर तीन गाड़ियों से पहुंचे आधा दर्जन से अधिक आयकर अधिकारियों ने परिसर को घेर लिया। टीम ने शोरूम के कर्मचारियों को बाहर निकलने से रोकते हुए उनसे गहन पूछताछ की। इस दौरान कंप्यूटर, लैपटॉप और महत्वपूर्ण कागजातों की बारीकी से जांच की गई, वहीं कई दस्तावेजों को कब्जे में लेने की भी सूचना है।

इनकम टैक्स की रेड के चलते शोरूम पर कामकाज पूरी तरह ठप रहा। ग्राहकों को किसी भी तरह के कार्य के लिए मना कर दिया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में हलचल का माहौल बना रहा। आयकर विभाग की यह कार्रवाई अन्य ठिकानों पर भी एक साथ जारी रही।
अचानक हुई इस छापेमारी से गोरखपुर के उद्यमियों और बड़े व्यापारियों में खलबली मच गई है। हालांकि आयकर विभाग की ओर से अब तक कार्रवाई के कारणों और बरामदगी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। टीम दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights