गोला में रामजानकी मार्ग पर अनियंत्रित ट्रक नहर में गिरा, चालक फरार

By Liberal Media

Published On:

Date:

गोला (गोरखपुर)। गोला क्षेत्र के रामजानकी मार्ग पर गुरुवार देर शाम एक अनियंत्रित ट्रक सरयू कैनाल की शाखा नहर में गिर गया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। गनीमत रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक चालक गोला–उदईपुर मार्ग पर वाहन को तेज और असंतुलित गति से चला रहा था। रास्ते में कई बार ट्रक अन्य वाहनों से टकराने से बाल-बाल बचा, जिससे सड़क किनारे मौजूद लोग दहशत में इधर-उधर भागते नजर आए।

भर्रोह चौराहे के आगे भर्रोह और मदारिया के बीच रामजानकी मार्ग पर ट्रक पूरी तरह अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और नहर में जा गिरा। दुर्घटना में ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि ट्रक में मिसरी लदी हुई थी और वह गोला से बड़हलगंज की ओर जा रहा था।

हादसे के बाद चालक किसी तरह ट्रक से बाहर निकलकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ट्रक चालक और वाहन स्वामी की जानकारी जुटाने में लगी है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights