इटावा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं जसवंतनगर विधायक शिवपाल यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अवैध घुसपैठियों के नाम पर वर्षों से यहां रह रहे मुसलमानों को परेशान कर रही है। उन्होंने कहा कि जो लोग आज़ादी की लड़ाई में शामिल रहे, जिनके पास आधार और पहचान पत्र हैं, उन्हें घुसपैठिया बताया जा रहा है, जबकि आज़ादी में योगदान न देने वाले सत्ता में बैठे हैं।
शिवपाल यादव ने भाजपा सरकार को पूंजीपतियों की सरकार बताते हुए कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है। गरीबों का कोई काम बिना पैसे दिए नहीं होता। यह सरकार गरीब, किसान और मजदूर विरोधी है और पूंजीपतियों के इशारे पर चल रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) से घबराई हुई है और 2027 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव पर टिप्पणी करते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि इसका फैसला भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा ही किया जाएगा।








