कुशीनगर जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत के मंगल बाजार में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आधा दर्जन बाइक सवार बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाते हुए ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने दहशत फैलाने के इरादे से कई राउंड फायरिंग भी की।
सूचना मिलते ही कप्तानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से फायरिंग के बाद गिरे गोली के खोखे बरामद किए। बदमाशों द्वारा किए गए हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके आधार पर पुलिस जांच आगे बढ़ा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इसी थाना क्षेत्र में पिछले महीने भी थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर इसी तरह की फायरिंग की घटना हुई थी। वहीं नगर के चांदनी चौक पर भी कुछ बदमाशों द्वारा एक व्यापारी पर अवैध असलहे के बट से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया गया था।
फिलहाल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।








