Liberal Media | Kushinagar
कुशीनगर। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के विजयपुर उत्तर पट्टी गांव में शुक्रवार को दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। गेहूं पिसवाने आए 13 वर्षीय किशोर की चक्की मशीन के पट्टे में फँसने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार किशोर चक्की पर गेहूं पिसवाने आया था। इसी दौरान चक्की चल रही थी कि अचानक उसका कपड़ा मशीन के पट्टे में फँस गया। पट्टा कपड़ों के साथ किशोर को खींच ले गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही सब खत्म हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुट गई है।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि चक्कियों पर सुरक्षा इंतजामों की भारी कमी है, जिससे इस तरह के हादसे लगातार सामने आ रहे हैं।









