GD Goenka Public School में ‘सृजन’ टेकहब एंड एग्जिबिशन का भव्य आयोजन

By Liberal Media

Published On:

शाहजहांपुर। शिक्षा के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर के नवाचारों को बढ़ावा देने और विज्ञान–प्रौद्योगिकी आधारित शिक्षण पद्धति को सशक्त बनाने की दिशा में अग्रणी जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल में शनिवार को विज्ञान दिवस एवं होली के उपलक्ष्य में ‘टेकहब एंड एग्जिबिशन – सृजन’ प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया।

प्रदर्शनी में छात्रों ने 120 से अधिक विज्ञान एवं कला प्रोजेक्ट प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उल्लेखनीय है कि विद्यालय में छात्रों को एआई और रोबोटिक्स की आधुनिक शिक्षा प्रदान करने हेतु शाहजहांपुर का एकमात्र अत्याधुनिक एआई एवं रोबोटिक्स लैब स्थापित है।

छात्रों द्वारा प्रदर्शित प्रोजेक्ट्स में रोबोटिक ऑटोमेटिक गेट, डिजिटल लंबाई मापन यंत्र, पॉल्यूशन मॉनिटर, पॉल्यूशन कंट्रोल रोबोटिक कार सहित अनेक तकनीकी नवाचार आकर्षण का केंद्र रहे। अत्याधुनिक तकनीकों के प्रयोग से तैयार इन मॉडलों ने अभिभावकों और अतिथियों को विशेष रूप से प्रभावित किया।

कार्यक्रम का उद्घाटन शाहजहांपुर की बेसिक शिक्षा अधिकारी दिव्या गुप्ता ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर विद्यालय के संस्थापक विनोद गुप्ता, निदेशक अंकित गुप्ता, उपाध्यक्ष डॉ. अभिषेक गुप्ता, ट्रस्टी अभिनव गुप्ता, डॉ. सोनिका गुप्ता, निहारिका गुप्ता तथा विद्यालय की प्राचार्य कल्पना सिंह सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि एवं अभिभावकों के रूप में उपस्थित शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सकों और शिक्षाविदों ने छात्रों द्वारा तैयार विभिन्न विषयों के प्रोजेक्ट्स का अवलोकन किया और विद्यार्थियों की प्रतिभा, शिक्षकों के समर्पण तथा विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण की सराहना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यहां से शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थी भविष्य में उच्च पदों पर आसीन होकर जनपद और देश का नाम रोशन करेंगे।

कला प्रदर्शनी में बच्चों की सृजनात्मक अभिव्यक्ति ने अभिभावकों को भाव-विभोर कर दिया।

कार्यक्रम का समापन एयर शो एवं ड्रोन द्वारा पुष्प और गुलाल वर्षा के साथ हुआ, जिसने पूरे वातावरण को उत्साह, रंग और तकनीकी नवाचार के अद्भुत संगम में बदल दिया।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights