कुशीनगर जनपद के कसया थाना क्षेत्र अंतर्गत कुड़वा उर्फ दिलीपनगर गांव में गन्ने के खेत से मानव कंकाल मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। गन्ना कटाई के दौरान मजदूरों की नजर खेत में पड़े कंकाल पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने ग्रामीणों को इसकी सूचना दी।
मौके पर सिर, धड़, हाथ और पैर की हड्डियां अलग-अलग अवस्था में मिली हैं। कंकाल मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही कसया पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से अहम सबूत एकत्र किए। पुलिस का कहना है कि कंकाल की पहचान और मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों के आधार पर कंकाल की पहचान करने का प्रयास कर रही है।








