फिरोजाबाद। शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे स्थित नंगला पोहपी रोड पर एक खंडहर पड़े मकान में खुलेआम देह व्यापार और सेक्स रैकेट संचालित होने का आरोप सामने आया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां बिना किसी डर के अनैतिक गतिविधियां चलाई जा रही हैं और माफियाओं पर पुलिस प्रशासन की सख्ती का कोई असर दिखाई नहीं दे रहा है।
आरोप है कि इस स्थान पर लोगों को लाकर उनके साथ मारपीट भी की जाती है। मौके से बड़ी मात्रा में अश्लील सामग्री मिलने की बात कही जा रही है, जिसमें कुछ सामग्री जलाई भी गई है। एक पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन दबंगों के भय से पुलिस के पहुंचने से पहले ही वहां से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले नेशनल हाईवे किनारे बड़े होटल और रेस्टोरेंट इस तरह के कारोबार में शामिल थे, लेकिन अब खंडहरनुमा मकानों का इस्तेमाल कर समाज में अश्लीलता और अपराध को बढ़ावा दिया जा रहा है। मामले को लेकर पुलिस प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।








