बलिया में फर्जी दस्तावेज़ों के सहारे सरकारी नौकरी हासिल करने का मामला सामने आया है। रसड़ा सीएचसी में तैनात स्टाफ नर्स कुमुदलता राय पर जन्मतिथि में हेराफेरी और फर्जी प्रमाणपत्रों के उपयोग का आरोप साबित होने के बाद रसड़ा कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने शैक्षणिक दस्तावेज़ों में अलग-अलग जन्मतिथि दिखाकर नौकरी हासिल की थी। रिपोर्ट स्वास्थ्य महानिदेशक तक पहुंची, जिसके बाद कार्रवाई तेज हुई।
गत महीने ही कुमुदलता राय को सस्पेंड कर वेतन रोका गया था, और अब शनिवार की देर शाम सीएमओ के निर्देश पर रसड़ा सीएचसी अधीक्षक डॉ. मनीष जायसवाल की तहरीर पर केस दर्ज कराया गया।
आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3) व 340(2) में मुकदमा दर्ज हुआ है। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई और सीएचसी में दिनभर चर्चा बनी रही।








