फाल्गुन महोत्सव: बाबा श्याम की निशान शोभा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

By Liberal Media

Published On:

जनपद – शाहजहाँपुर | LIBERAL MEDIA
फाल्गुन महोत्सव के पावन अवसर पर श्री बाबा श्याम की 21वीं भव्य निशान शोभा यात्रा का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। श्री श्याम मित्र मंडल एवं श्री श्याम सेवा समिति के तत्वावधान में निकाली गई इस यात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।
यात्रा का शुभारंभ बाबा बनखंडी नाथ मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना और आरती के साथ हुआ। इसके बाद श्रद्धालु हाथों में निशान (ध्वज) लेकर बाबा श्याम के जयकारों के साथ रवाना हुए।
निशान यात्रा मालखाना मोड़, कच्चा कटरा, मेड़ी, चौक और केरुगंज सहित प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। पूरे रास्ते में भक्तों ने गुलाल उड़ाकर होली खेली। इत्र की खुशबू और पुष्प वर्षा से वातावरण भक्तिमय हो उठा। स्थानीय लोगों ने छतों से फूल बरसाकर शोभा यात्रा का स्वागत किया। जगह-जगह जलपान एवं स्वल्पाहार की व्यवस्था भी की गई।
यात्रा के दौरान भजन गायकों विशाल राज, रवि अग्रवाल, रजत खन्ना और पप्पू चौधरी ने मधुर भजनों की प्रस्तुति दी। “होली आई रे”, “राधा संग होली नंदलाल खेलते” और “मैं तो चला था अकेला कि मेला मेरे साथ हो गया” जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।
सुबह 8 बजे शुरू हुई शोभा यात्रा का समापन दोपहर लगभग 11 बजे श्री श्याम मंदिर, प्रताप एन्क्लेव पर महाआरती के साथ हुआ। प्रसाद स्वरूप खस्ता-कचौड़ी का वितरण किया गया। सुरक्षा व्यवस्था में चौक कोतवाली पुलिस का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में गोविंद राम अग्रवाल, कुंज बिहारी अग्रवाल, डॉ. गौरव कौशल, डॉ. रवि मोहन, हितेश अग्रवाल, चंद्रशेखर खन्ना, अमित अग्रवाल, रामचंद्र सिंघल, जगदीश अग्रवाल, श्याम बिहारी शर्मा, रवि गोमल, श्याम मोहन अग्रवाल, प्रेम कुमार अग्रवाल, अंशुमान अग्रवाल, अजय अग्रवाल, मीनू अग्रवाल, स्मिता अग्रवाल, रूपेश चौधरी, हेमा अग्रवाल, श्वेता मनोज अग्रवाल, संजय अग्रवाल, आशीष गोमल सहित समस्त कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights