इटावा के बसरेहर थाना क्षेत्र में छह दिनों से लापता मजदूर का शव कुएं में मिलने से हड़कंप मच गया। अकबरपुर गांव निवासी चंद्रप्रकाश उर्फ चंदन का शव पास के गांव शेखूपुर सरैया में खेतों पर बने कुएं में तैरता मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से चप्पल बरामद की और परिजनों को बुलाया, जिन्होंने शव की पहचान चंद्रप्रकाश के रूप में की।
परिजनों का आरोप है कि गांव के कुछ लोगों से पुराना विवाद चल रहा था और उन्हीं ने युवक को गायब कर उसकी हत्या की है। घटना की सूचना पर फॉरेंसिक टीम व वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।








