आशुतोष शर्मा | बदायूं
बदायूं जनपद में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दूसरी पत्नी दिलाने की जिद पर एक युवक 30 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया और जान देने की धमकी देने लगा। युवक ने करीब आधे घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा किया, जिसे देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
मामला थाना इस्लामनगर क्षेत्र के गांव नूरपुर पिनौनी का है। बताया जा रहा है कि युवक की पहली पत्नी की मृत्यु हो चुकी है। इसी बात को लेकर वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था और दूसरी शादी की मांग कर रहा था।
युवक टंकी पर चढ़कर चिल्लाते हुए कहने लगा-
“मैं 10 दिनों से गंदे कपड़े पहन रहा हूं, मेरे कपड़े कौन धोएगा? मुझे खाना कौन बनाकर खिलाएगा? सबके पास बीवी है, मुझे भी बीवी चाहिए। अगर दूसरी बीवी नहीं दिलाई तो मैं जान दे दूंगा।”
स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मान-मनौव्वल और समझाने के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा। इसके बाद युवक को चिकित्सीय परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने इलाज के बाद युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस घटना के बाद से पूरे नगर और क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
घटना ने एक बार फिर मानसिक स्वास्थ्य और सामाजिक दबावों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।








