लखनऊ | LIBERAL MEDIA – लखनऊ के थाना रहीमाबाद क्षेत्र में दो सहेलियों द्वारा ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या किए जाने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद ग्रामीणों में शोक और चर्चा का माहौल है।
जानकारी के अनुसार शशि और नीतू आपस में गहरी सहेलियां थीं। बताया जा रहा है कि नीतू की कुछ समय पहले शादी हुई थी और वह इन दिनों ससुराल से अपने गांव आई हुई थी। ग्रामीणों के मुताबिक दोनों सहेलियों के बीच गहरा लगाव था और वे अक्सर साथ ही रहती थीं।
बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह दोनों अपने-अपने घरों से किसी बात को लेकर निकल गई थीं। कुछ समय बाद बेलवा फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर दोनों के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
घटना के बाद से गांव में मातम का माहौल है और दोनों सहेलियों की मौत ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।








