डीएम ने प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर टीकाकरण अभियान किया रवाना

By Liberal Media

Published On:

Date:

Ballia | Liberal Media

बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर से खुरपका–मुंहपका रोग नियंत्रण निःशुल्क टीकाकरण अभियान के सातवें चरण के प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अभियान को सफल बनाने के लिए पशुपालन विभाग सहित संबंधित सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सुशील कुमार मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के तहत जनपद में कुल 3 लाख 17 हजार गोवंशीय पशुओं को निःशुल्क टीका लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस टीकाकरण अभियान का उद्देश्य गोवंशीय पशुओं को खुरपका–मुंहपका जैसी संक्रामक बीमारी से सुरक्षित रखना है, जिससे पशुपालकों को होने वाले आर्थिक नुकसान से भी बचाया जा सके।

जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने कहा कि पशुओं का समय पर टीकाकरण बेहद आवश्यक है, ताकि रोग के प्रसार को रोका जा सके। उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि वे इस निःशुल्क टीकाकरण अभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग करें और अपने पशुओं का टीकाकरण अवश्य कराएं।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights