शाहजहांपुर, 24 फरवरी 2026। कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में डीएम धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु समिति एवं व्यापार बंधु की बैठक आयोजित हुई। बैठक में उद्यमियों व व्यापारियों की समस्याओं पर चर्चा कर अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए गए।
डीएम ने बनतारा-अटसालिया के बीच स्वीकृत विद्युत घर की प्रगति की जानकारी लेकर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। औद्योगिक क्षेत्र रौजा की जल निकासी समस्या अप्रैल तक तथा ददरौल के ग्राम जमौर गौटिया की टूटी सड़क एक माह में पूर्ण कराने को कहा। मोहम्मदी रोड फ्लाईओवर के नीचे लटके विद्युत तार व जर्जर पोल दुरुस्त करने तथा अवैध फुटपाथ निर्माण पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
व्यापार बंधु बैठक में राज्य कर कार्यालय में व्यापारियों की सुविधा सुनिश्चित करने, सड़कों के बीच विद्युत पोल, नाला निर्माण व पेयजल समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। घंटाघर मार्ग पर ई-रिक्शा संचालन को नियंत्रित करने की भी बात कही गई।
बैठक में नगर आयुक्त डॉ. विपिन कुमार मिश्र व्यापारी नेता किशोर गुप्ता , कुलदीप सिंह दुआ, सचिन बाथम सहित संबंधित अधिकारी, उद्यमी व व्यापारी उपस्थित रहे।








