मऊ जनपद के कोपागंज थाना क्षेत्र के अदरी चौकी अंतर्गत इंदारा रेलवे फाटक के पास दिनदहाड़े दबंगई का मामला सामने आया है। बस का किराया मांगने पर दबंग युवकों ने बस कंडक्टर की लात-घूंसों से जमकर पिटाई कर दी।
मधुबन से मऊ ब्रह्म स्थान जा रही लोरी बस जैसे ही इंदारा रेलवे फाटक के पास पहुंची, बस कंडक्टर विवेक ने यात्रियों से किराया लेना शुरू किया। इसी दौरान कुछ युवकों ने किराया देने से इनकार कर दिया और कंडक्टर से मारपीट शुरू कर दी। बस में करीब 20 से 25 यात्री सवार थे। मारपीट के दौरान बस में अफरा-तफरी मच गई और कई यात्री डर के कारण नीचे उतर गए।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी युवक फरार हो चुके थे। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।








