डावोस। विश्व आर्थिक मंच (World Economic Forum) 2026 के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने टेक महिंद्रा के शीर्ष नेतृत्व के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस अवसर पर टेक महिंद्रा के प्रेसिडेंट एवं हेड–इंडिया, मिडिल ईस्ट एवं अफ्रीका साहिल धवन तथा हेड–ग्लोबल कॉरपोरेट कम्युनिकेशंस एंड पब्लिक अफेयर्स अभिलाषा गुप्ता मौजूद रहीं।
बैठक में यूपी के वित्त एवं संसदीय कार्यमंत्री सुरेश कुमार खन्ना को उत्तर प्रदेश में टेक महिंद्रा के लगातार विस्तार की जानकारी दी गई। बताया गया कि नोएडा अब पुणे और हैदराबाद के बाद कंपनी का भारत में तीसरा सबसे बड़ा केंद्र बनकर उभर रहा है, जो प्रदेश के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
चर्चा के दौरान नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ टेक महिंद्रा की नेटवर्क एवं साइबर सुरक्षा से जुड़ी रणनीतिक साझेदारी पर भी प्रकाश डाला गया, जिससे उत्तर प्रदेश की मजबूत होती डिजिटल अवसंरचना को नई पहचान मिल रही है। इसके अलावा मोबिलिटी ट्रांसफॉर्मेशन, नवाचार और भविष्य के लिए तैयार डिजिटल इकोसिस्टम जैसे विषयों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।
बैठक में ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स (GCCs), डेटा सेंटर्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तथा उत्तर प्रदेश को वैश्विक स्तर पर एक पसंदीदा तकनीकी निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करने को लेकर संभावित सहयोग पर भी चर्चा की गई। यह संवाद उत्तर प्रदेश के तकनीकी और औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।










