मकर संक्रांति के पर्व पर गोरखपुर के बड़हलगंज थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। पतंग उड़ाने के दौरान बिजली के तार की चपेट में आने से 10 वर्षीय मासूम उत्कर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि सरया महुलिया निवासी अनिल का पुत्र उत्कर्ष अपनी मां संध्या देवी के साथ मकर संक्रांति के अवसर पर अपने ननिहाल तिहा मुहम्मदपुर गांव, निवासी रामाश्रय गौड़ के यहां आया हुआ था। गुरुवार को वह गांव में पतंग उड़ा रहा था।
इसी दौरान उसकी पतंग पास के एक पेड़ में फंस गई। पतंग निकालने के लिए उत्कर्ष पेड़ पर चढ़ गया। उसी स्थान से गुजर रहे विद्युत तार की चपेट में वह आ गया, जिससे तेज करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। करंट लगते ही वह पेड़ और तार से चिपक गया।








