उन्नाव। जनपद के गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के शक्तिनगर इलाके में दबंगों की गुंडई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। किरायेदारी विवाद को लेकर 10 से 12 दबंगों ने एक घर में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की और युवक को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। पूरी घटना घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका फुटेज अब सामने आया है।
पीड़ित विपिन बिहारी शुक्ला का आरोप है कि शिवम अग्रहरि और रमेश अग्रहरि अपने 10 से 12 साथियों के साथ उनके घर में घुसे और मारपीट की। इस हमले में विपिन बिहारी शुक्ला समेत उनके परिजनों को गंभीर चोटें आई हैं। आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंची पीड़ित की बहन के साथ भी दबंगों ने छेड़छाड़ की और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, लेकिन अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। CCTV फुटेज सामने आने के बाद पीड़ितों ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।








