गोरखपुर | Liberal Media
उत्तर प्रदेश के जनपद गोरखपुर स्थित चौरी चौरा में आर.पी. वेलफेयर ट्रस्ट के संयोजक एवं वरिष्ठ समाजसेवी एस.के. शर्मा के तत्वावधान में चौरी चौरा शहीद पूर्वांचल क्रॉस कंट्री मैराथन प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ चौरी चौरा के दुबियारी पुल से हुआ, जहां जिलाधिकारी दीपक मीणा एवं एसडीएम चौरी चौरा कुंवर सचिन सिंह ने सभी धावकों को झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस मैराथन प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए धावकों ने प्रतिभाग किया।
पुरुष वर्ग में नोएडा (उत्तर प्रदेश) के गौरव कसाना ने प्रथम स्थान प्राप्त कर ₹1,00,000 की पुरस्कार राशि व विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं रोहतास (बिहार) के प्रिंस राज मिश्रा ने द्वितीय स्थान पाकर ₹75,000 तथा संदीप पाल ने तृतीय स्थान प्राप्त कर ₹51,000 का पुरस्कार जीता।
महिला वर्ग में हरियाणा की सोनिका ने प्रथम स्थान हासिल किया। मुजफ्फरनगर की रूबी कश्यप ने द्वितीय स्थान पाकर ₹75,000 तथा हरियाणा की ज्योति ने तृतीय स्थान पाकर ₹51,000 की पुरस्कार राशि व ट्रॉफी जीती।
इसके अतिरिक्त चौथा, पांचवां और छठा स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया। महिला वर्ग में वाराणसी की सोनी, गुजरात की अंकिता, वाराणसी की नेहा पटेल और पुरुष वर्ग में आगरा के मोनू कुमार, अयोध्या के प्रिंस राज यादव एवं शामली के शांतनु को ₹10,000-₹10,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
प्रतियोगिता पुलिस स्कॉर्ट एवं आयोजन समिति के वालंटियरों की निगरानी में चौरी चौरा से प्रारंभ होकर डुमरी खुर्द में समाप्त हुई, जहां फिनिश लाइन पर विजेताओं की पहचान की गई। आयोजक एस.के. शर्मा ने सभी विजेताओं को चेक, मेडल एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी दीपक मीणा ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर इस प्रकार की मैराथन प्रतियोगिता युवाओं में फिट इंडिया मूवमेंट को बढ़ावा देती है और राष्ट्रभक्ति की भावना को भी मजबूत करती है। उन्होंने आयोजन को और बड़े स्तर पर करने की आवश्यकता पर बल दिया।








