लखनऊ | LIBERAL MEDIA
लखनऊ के वजीरगंज क्षेत्र में चाइनीज मांझे की चपेट में आने से एक मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। बच्ची अपने पिता के साथ बाइक से जा रही थी, तभी अचानक मांझा उसकी गर्दन में फंस गया।
घटना रविवार दोपहर करीब 3 बजे जगत नारायण रोड, गोलागंज चौराहे के पास हुई। जब तक पिता बाइक रोक पाते, तब तक बच्ची की गर्दन पर गहरा घाव हो चुका था। तुरंत उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने टांके लगाकर उसका इलाज किया। फिलहाल बच्ची की हालत सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार अभी तक इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
गौरतलब है कि लखनऊ में पिछले 45 दिनों के भीतर चाइनीज मांझे से घायल होने की यह 18वीं घटना है, जिससे इसकी बिक्री और उपयोग पर रोक लगाने की मांग तेज हो गई है।








