बलिया/बैरिया। वीर लोरिक स्टेडियम में आयोजित सांसद खेल महोत्सव के समापन कार्यक्रम में पहुंचे राज्यसभा सांसद नीरज शेखर ने बांग्लादेश में हिंदू युवक की हत्या की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि यह घटना किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे हिंदू समुदाय को निशाना बनाने का प्रयास है। दुख की बात है कि विपक्ष इस मुद्दे पर न तो विरोध कर रहा है और न ही कैंडल मार्च निकाल रहा है।
नीरज शेखर ने कहा कि चिकन नेक को भारत की कमजोरी समझने वालों को करारा जवाब दिया जाएगा। भारत की सीमाओं की ओर आंख उठाकर देखने या गलत सोचने की भी हिमाकत की गई तो उसका गंभीर परिणाम भुगतना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि बांग्लादेश के हालात को लेकर उसके राजदूत को बुलाया गया है और यदि स्थिति में सुधार नहीं होता है तो इस मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उठाया जा सकता है। सांसद ने स्पष्ट किया कि ऐसी घटनाओं पर रोक लगनी चाहिए और आगे क्या कदम उठाने हैं, इसका निर्णय सरकार करेगी।








