छुट्टा मवेशियों से फसलें बर्बाद, किसानों ने डीएम से लगाई गुहार

By Liberal Media

Published On:

Date:

सिकंदरा, कानपुर देहात। सिकंदरा तहसील क्षेत्र की बीहड़ पट्टी में छुट्टा गौवंश किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। लंबे समय से शिकायत के बावजूद समाधान न होने पर परेशान किसानों ने जिलाधिकारी कपिल सिंह से गुहार लगाई है।

बेहमई, अनवा, गौरीरतन बांगर, निभाना, इंदपुरा सहित दर्जनों गांवों में छुट्टा मवेशियों के झुंड खेतों में खड़ी लाही, गेहूं, जौ, मटर समेत अन्य फसलों को चट कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि ब्लॉक व तहसील स्तर पर कई बार शिकायत के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

मंगलवार को जिला मुख्यालय पहुंचे बेहमई गांव के बाबूजी सिंह, वीर सिंह, चंद्रपाल सिंह, प्रीतम सिंह, जयवीर सिंह, चरन सिंह समेत सैकड़ों किसानों ने डीएम को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि फसलें नष्ट होने से उनके परिवार भुखमरी की कगार पर हैं। जिलाधिकारी ने किसानों को आश्वासन देते हुए डीएफओ को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights