बदायूं। उझानी–कछला रोड पर हलवाई चौक के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलती कार में अचानक आग लग गई। कार सवारों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
जानकारी के अनुसार नगर के मोहल्ला साहूकारा निवासी सोमिल जैन रामनगर से दर्शन कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कछला रोड पर हलवाई चौक के पास उनकी कार के बोनट से अचानक धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग लग गई।
आग लगते ही बाजार में हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद दुकानदारों ने तत्काल पानी डालकर आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। यदि आग पर समय रहते काबू न पाया जाता तो भीड़-भाड़ वाले इलाके में भारी नुकसान हो सकता था।
घटना में कार आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गई है, हालांकि राहत की बात यह रही कि कार में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं।








