Ballia | Liberal Media
बलिया। बेल्थरारोड तहसील क्षेत्र के एकसार गांव में चकबंदी को लेकर विवाद ने गंभीर रूप ले लिया है। सवा तीन बीघा खेत को बचाने की मांग को लेकर लखनऊ से गांव पहुंची वृद्ध महिला नफीसा सुल्तान पिछले 15 दिनों से डटी हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि चकबंदी की प्रक्रिया में फेरबदल कर उनकी जमीन को साजिशन प्रभावित किया गया है।
नफीसा सुल्तान का कहना है कि गांव स्थित उनकी और उनके पुत्र की भूमि, आराजी संख्या 725 के बैनामा की जमीन पर अवैध कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। उनका दावा है कि इस संबंध में हाईकोर्ट का निर्देश भी स्पष्ट है, इसके बावजूद उन्हें न्याय नहीं मिल पा रहा है।
वृद्धा ने आरोप लगाया कि उन्हें लगातार दबाव और धमकियां दी जा रही हैं, जिससे वह बेहद भयभीत हैं। कैमरे के सामने फूट-फूटकर रोते हुए उन्होंने प्रशासन से अपनी जमीन बचाने की गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि उनका एक पुत्र जुबैर अहमद विदेश में नौकरी करता है, जबकि वह स्वयं दूसरे पुत्र के साथ लखनऊ में रहती हैं।








