मुरादाबाद | LIBERAL MEDIA
मुरादाबाद जिले के बिलारी क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां नई नवेली दुल्हन अपने पति को पकौड़ी लाने भेजकर बस स्टैंड से गायब हो गई। घटना के बाद पति ने थाने पहुंचकर पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार अमरोहा जिले के हसनपुर निवासी पीतम सिंह की शादी 1 दिसंबर 2025 को रामपुर जिले के सैफनी क्षेत्र की रहने वाली 18 वर्षीय रिमझिम से हुई थी। होली के अवसर पर रिमझिम अपने मायके गई हुई थी। त्योहार के बाद 9 मार्च को पीतम अपनी पत्नी को लेने ससुराल गया और दोनों वापस घर लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि रास्ते में दोनों बिलारी बस स्टैंड पर बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान रिमझिम ने पति से कहा कि उसे भूख लगी है और पकौड़ी खाने की इच्छा जताते हुए उसे ठेले से पकौड़ी लाने के लिए भेज दिया।
पति जब पकौड़ी लेकर कुछ मिनट बाद वापस लौटा तो पत्नी वहां से गायब थी। काफी देर तक आसपास तलाश करने और लोगों से पूछताछ करने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका।
परेशान होकर पीतम सिंह बिलारी थाने पहुंचा और पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने पुलिस को बताया कि उसे शक है कि उसकी पत्नी मायके के ही एक युवक के साथ चली गई है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर बस स्टैंड के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और मोबाइल लोकेशन के आधार पर युवती का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग इस अजीब घटना को लेकर हैरानी जता रहे हैं।
बस स्टैंड पर पति को पकौड़ी लाने भेजकर नई नवेली दुल्हन हुई फरार, मामला चर्चा में
Published On:
Date:








