शाहजहांपुर। बॉथम वैश्य महासभा की एक महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को कटियाटोला स्थित संगठन के संरक्षक राजेश गुप्ता के निवास पर संपन्न हुई। बैठक में आगामी होली मिलन कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने बताया कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी होली मिलन समारोह खिरनी बाग स्थित ला. रामचरण लाल धर्मशाला में हर्षोल्लास एवं पारंपरिक तरीके से आयोजित किया जाएगा।
इसी दौरान मनोज गुप्ता ने अपना कार्यकाल पूर्ण होने की जानकारी देते हुए नए अध्यक्ष के चयन का प्रस्ताव रखा। इस पर बैठक में उपस्थित कांग्रेस के जिलाध्यक्ष एवं बॉथम वैश्य समाज के सक्रिय सदस्य रजनीश गुप्ता ‘मुन्ना’ ने संगठन के वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य व जीडी गोयनका स्कूल के चेयरमैन विनोद सर्राफ के नाम का प्रस्ताव रखा। प्रस्ताव पर उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से मुहर लगाते हुए विनोद सर्राफ को बॉथम वैश्य महासभा का नया अध्यक्ष चुना।
नवनियुक्त अध्यक्ष विनोद गुप्ता सर्राफ का महामंत्री नवीन गुप्ता, राजीव गुप्ता, पार्षद मनीष गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। वहीं संगठन की मातृशक्ति ज्योति गुप्ता, रजनी गुप्ता एवं शशि गुप्ता ने पुष्प गुच्छ भेंट कर नवनिर्वाचित अध्यक्ष के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने संगठन को और अधिक सशक्त एवं संगठित बनाने का संकल्प लिया। अंत में संगठन के संरक्षक राजेश गुप्ता ने उपस्थित सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।








