बीकेटी, लखनऊ। बख्शी का तालाब पुलिस थाने से कुछ कदम दूर स्थित बालाजी विहार कॉलोनी में महिला सिपाही सविता सिंह के घर में बीती रात चोरी की बड़ी वारदात हुई। घर से लाखों रुपये के स्वर्ण आभूषण, नकदी, कपड़े और बर्तन चोरी हो गए।
भुक्तभोगी वीरपाल सिंह तोमर ‘राहुल’ ने बताया कि वह अपने बच्चों के पास बलरामपुर गया था। गुरुवार सुबह ठेकेदार उमेश मिश्रा ने फोन कर चोरी की सूचना दी। राहुल जब घर पहुंचे तो देखा कि चोरों ने घर तहस-नहस कर दिया था।
चोरों ने माता के कमरे में रखी लकड़ी की अलमारी तोड़कर चांदी की पायल, सोने के बाले, कील और लगभग 3,500 रुपये चोरी किए। इसी कमरे से एक सैमसंग एलईडी टीवी भी चोरी हो गया।
राहुल के बेडरूम की गोदरेज अलमारी से सोने का हार, सोने के झाला, सोने की चैन, चार अंगूठियां और 50,000 रुपये नगद चोरी हो गए। कमरे के बर्तन और कपड़े भी ले लिए गए। तहखाने से शादी के बर्तन भी चोरी हुए।








