मऊ। राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी छोड़कर राम हरि चौहान समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। सपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विधिवत पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के नेताओं ने इसे “पुराने घर में वापसी” करार दिया।
पार्टी में शामिल होने के बाद राम हरि चौहान ने कहा कि समाजवादी पार्टी ही गरीबों, किसानों, युवाओं और पिछड़े वर्गों की सच्ची हितैषी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की नीतियों से आम जनता परेशान है, इसी वजह से उन्होंने समाजवादी पार्टी में लौटने का निर्णय लिया। उन्होंने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।
वहीं सपा नेताओं ने राम हरि चौहान का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए कहा कि उनके पार्टी में आने से क्षेत्र में संगठन को नई मजबूती मिलेगी। नेताओं ने भरोसा जताया कि आने वाले समय में जनता एक बार फिर समाजवादी पार्टी को समर्थन देगी। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद रहे ।








