बदायूं जनपद की तहसील बिसौली में धर्म परिवर्तन का मामला सामने आया है। बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गुलाब बाग निवासी सौदान कोरी ने आरोप लगाया है कि उनके परिवार पर लंबे समय से धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जा रहा है। पीड़ित परिवार ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
सौदान कोरी ने बताया कि बीते दिन दोपहर करीब एक बजे एक अज्ञात महिला उनके घर आई और उनकी पत्नी को बहला-फुसलाकर ईसाई मिशनरी की अच्छाइयां बताते हुए ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बनाया। महिला ने पैसे का लालच देते हुए कहा कि धर्म परिवर्तन करने पर अच्छा पैसा मिलेगा, जिससे परिवार की गरीबी दूर हो जाएगी और जीवन आसान हो जाएगा। आरोप है कि महिला ने ईसाई धर्म न अपनाने पर जीवन कठिन कर देने की धमकी भी दी।
पीड़ित के अनुसार, उक्त महिला बिसौली किला स्थित चर्च से आई थी और इससे पहले भी उनकी पत्नी व परिजनों को बरगला चुकी है। सौदान का कहना है कि महिला द्वारा अन्य गरीब परिवारों की महिलाओं को भी अपने जाल में फंसाकर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया जाता रहा है।








