मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भीषण शीतलहर के मद्देनज़र स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में कोई भी व्यक्ति खुले में, फुटपाथ या सड़क किनारे सोने को मजबूर न हो। इसके लिए जिला प्रशासन, नगर निगम और सभी नगर निकायों को रैन बसेरों में समुचित व सम्मानजनक व्यवस्था उपलब्ध कराने के आदेश दिए गए हैं।
बुधवार को गोरखपुर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने बरगदवा और राप्तीनगर स्थित दो अस्थायी रैन बसेरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां ठहरे लोगों से बातचीत कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और रैन बसेरों के बाहर मौजूद जरूरतमंदों को स्वयं कंबल और भोजन वितरित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शीतलहर से जनता को बचाने के लिए सभी जिलों को पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराई गई है और प्रशासन युद्ध स्तर पर कार्य कर रहा है।
निरीक्षण के दौरान रैन बसेरों में ठहरे लोगों ने सुविधाओं पर संतोष जताया और सरकार के प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि सरकार गरीब, बेसहारा और जरूरतमंदों की सेवा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।











