मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत जमुई गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 268 किलोमीटर बिंदु पर रविवार सुबह करीब 08:30 बजे आलू और गैस सिलेंडर से लदे दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची। आलू लदे ट्रक में फंसे चालक को स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए आजमगढ़ जिला अस्पताल भेजा गया।
दुर्घटना के चलते कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस और सुरक्षा कर्मियों ने सड़क साफ कराकर सुचारू करा दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि घना कोहरा और कम दृश्यता इस हादसे की मुख्य वजह रही।
वहीं, मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक मधुसूदन चौरसिया ने बताया कि घायल चालक की हालत गंभीर थी और वह अपना नाम-पता बताने की स्थिति में नहीं था।








