बलिया। भीमपुरा थाना क्षेत्र के बराइच गांव में नवविवाहिता निशा सैनी की संदिग्ध मौत ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया। मायके पक्ष ने दहेज उत्पीड़न, अवैध संबंध, जबरन गर्भपात और अंततः हत्या का गंभीर आरोप ससुराल पक्ष पर लगाया है।
बताया जा रहा है कि सात माह पूर्व निशा की शादी रवीन्द्र सैनी से हुई थी। मायके वालों का आरोप है कि पति सहित जेठ, देवर, जेठानी और सास-ससुर फ्रिज, वाशिंग मशीन व सोने की अंगूठी की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर विवाहिता को प्रताड़ित किया गया तथा तीन माह के गर्भ में जबरन गर्भपात भी कराया गया।
शनिवार को अचानक विवाहिता की मौत की सूचना मिलने पर परिजन पहुंचे तो उन्होंने शरीर पर चोट के निशान मिलने का दावा किया। सूचना पर एसएचओ अखिलेश चंद्र पांडेय व रसड़ा सीओ आलोक कुमार गुप्ता मौके पर पहुँचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।








