गोला गोरखपुर। गगहा क्षेत्र के रेड स्टार क्रिकेट क्लब सोनाईचा के तत्वावधान में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में श्री गोपेश्वरनाथ क्रिकेट क्लब भटौरा ने क्रिकेट क्लब एकौना को 34 रन से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
गुरुवार को खेले गए इस मुकाबले में भटौरा की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 7 ओवर में 113 रन बनाए और एकौना के सामने 114 रन का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी क्रिकेट क्लब एकौना की टीम 7 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 79 रन ही बना सकी। इस प्रकार भटौरा की टीम ने यह मैच 34 रन से जीत लिया।
भटौरा के विकास प्रजापति ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 49 रन बनाए और 2 विकेट भी झटके। उनके इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
मैच के मुख्य अतिथि सावित्री राम मुरारी पांडेय इंटर कॉलेज भटौरा के प्रधानाचार्य राकेश मोहन पांडेय रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ किया और अपने संबोधन में कहा कि खेल को हमेशा खेल भावना से खेलना चाहिए।














