बलिया। बैरिया तहसील स्थित उपजिलाधिकारी न्यायालय में आरसीसीएमएस पोर्टल पर लंबित वादों की भौतिक पत्रावलियों के मिलान के दौरान 45 पत्रावलियां न्यायालय में उपलब्ध नहीं पाई गईं। मामले को गंभीर मानते हुए उपजिलाधिकारी कार्यालय में तैनात राजस्व अलहमद की तहरीर पर तत्कालीन पेशकार वीरेंद्र राम के खिलाफ बैरिया थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
बताया गया है कि ये पत्रावलियां काफी समय से न्यायालय से गायब थीं। इससे पहले भी इस मुद्दे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं, अधिवक्ताओं और वादकारियों ने विरोध प्रदर्शन किया था। प्रभारी निरीक्षक विपिन सिंह ने बताया कि मामला सरकारी अभिलेखों से जुड़ा होने के कारण इसकी गहन जांच की जा रही है, जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।








