बरेली। शहर के एडीएम कंपाउंड के सामने जंक्शन रोड स्थित श्रीराम फाइनेंस के दफ्तर में आग लगने से हड़कंप मच गया। देर रात करीब 11 बजे दो मंजिला इमारत की दूसरी मंजिल पर स्थित फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में अचानक आग भड़क उठी, जिससे पूरा दफ्तर जलकर खाक हो गया। नीचे स्थित अखबार का कार्यालय व प्रिंटिंग प्रेस भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां, पुलिस बल के साथ एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान व सीओ प्रथम आशुतोष शिवम मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि जांच जारी है।
रात के समय दफ्तर बंद होने के कारण किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन आग में फाइलें, कंप्यूटर, फर्नीचर सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया, जिससे भारी आर्थिक नुकसान का अनुमान है।








