नई दिल्ली | LIBERAL MEDIA
बनवासी रक्षा परिवार फाउंडेशन द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन सुगंध फॉर्म, F-30 से F-57, राधे मोहन ड्राइव स्थित संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज अरोड़ा के निवास पर किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक, धार्मिक, उद्योगपति एवं जनप्रतिनिधि वर्ग की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय ने अपने संबोधन में सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय पर्व हमारी परंपराओं और समाज को जोड़ने का माध्यम हैं।
कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद (VHP) से जुड़े पदाधिकारियों की भी सहभागिता रही। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने भारतीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण पर बल देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज अरोड़ा ने भी अपने प्रेरणादायी उद्गार व्यक्त किए। बनवासी रक्षा परिवार फाउंडेशन के राष्ट्रीय प्रभारी एवं वीएचपी के राष्ट्रीय सह मंत्री वीरेंद्र जी का मार्गदर्शन कार्यक्रम की विशेष उपलब्धि रहा।
समारोह के दौरान वृंदावन श्याम लोक कला मंच के कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। साथ ही फाउंडेशन के प्रतिभा विकास केंद्र के बच्चों ने भी मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। फूलों की होली और ब्रज की प्रसिद्ध लठमार होली की झलक ने उपस्थित जनसमूह को विशेष रूप से आनंदित किया।
होली मिलन समारोह सौहार्द, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक एकता का संदेश देते हुए सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजन समिति के प्रमुख दिग्विजय गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, बिपिन बिहारी सहित अन्य कार्यकर्ताओं का सहयोग सराहनीय रहा।








