जगप्रसिद्ध ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने और दर्शन व्यवस्था को अधिक सुरक्षित व सुगम बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार से नई रेलिंग व्यवस्था लागू कर दी गई है। अब श्रद्धालु गेट नंबर 3 और 5 से कतारबद्ध होकर सुव्यवस्थित ढंग से दर्शन कर सकेंगे।
उच्चाधिकार प्राप्त समिति के सदस्य दिनेश गोस्वामी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए मेरठ की एक कंपनी द्वारा विशेष डिजाइन की मजबूत रेलिंग तैयार कराई गई है। इस नई व्यवस्था से धक्का-मुक्की की घटनाओं पर रोक लगेगी और बुजुर्गों, महिलाओं व बच्चों को आसानी से दर्शन का लाभ मिल सकेगा।
हाल ही में सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति अशोक कुमार और सेवानिवृत्त जिला जज मुकेश मिश्र ने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर नई व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया है। मंदिर प्रशासन का मानना है कि इस बदलाव से दर्शन प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल हो गई है।








