बांके बिहारी मंदिर में ‘जगमोहन’ को लेकर विवाद, सेवायतों और कमेटी में तनातनी

By Liberal Media

Published On:

Date:

Vrindavan | Liberal Media
धार्मिक नगरी वृंदावन से बड़ी खबर… विश्व प्रसिद्ध बांके बिहारी जी मंदिर में ठाकुर जी को ‘जगमोहन’ में विराजमान कराने के निर्णय को लेकर सेवायतों और मंदिर कमेटी के बीच विवाद गहरा गया है। मंदिर परिसर में माहौल संवेदनशील बना हुआ है।
वृंदावन। बांके बिहारी जी मंदिर की 12वीं बोर्ड बैठक में दर्शन व्यवस्था में बदलाव का निर्णय लिया गया। बैठक में तय किया गया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ठाकुर जी को ‘जगमोहन’ में विराजमान कराया जाएगा।
बताया जा रहा है कि राजभोग सेवा के दौरान भगवान बांके बिहारी को जगमोहन में विराजमान कराया भी गया। मंदिर कमेटी का कहना है कि यह कदम बढ़ती भीड़ और बेहतर दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।
हालांकि, शयन भोग सेवा के लिए जब सेवायत गोस्वामी मंदिर पहुंचे तो उन्होंने गर्भगृह पर ताला लगा देखा, जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया। सेवायत पक्ष का कहना है कि सदियों पुरानी परंपरा और धार्मिक मर्यादाओं में बिना सर्वसम्मति के बदलाव नहीं किया जा सकता।
सेवायत गोस्वामी, विशेषकर वेणु गोस्वामी, ने इस निर्णय का खुलकर विरोध करते हुए कहा कि यह परंपरा के विरुद्ध है और इस तरह का परिवर्तन स्वीकार्य नहीं है।
वहीं मंदिर कमेटी का कहना है कि निर्णय विधिवत बोर्ड बैठक में लिया गया है और इसका उद्देश्य केवल श्रद्धालुओं को सुगम व सुरक्षित दर्शन कराना है।
फिलहाल मंदिर परिसर में स्थिति संवेदनशील बनी हुई है। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर रखे हुए है ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। आने वाले दिनों में यह देखना होगा कि दोनों पक्षों के बीच सहमति बनती है या मामला और आगे बढ़ता है।

Leave a Comment

Verified by MonsterInsights