वृंदावन | LIBERAL MEDIA
धर्मनगरी वृंदावन स्थित ठाकुर बांके बिहारी मंदिर की व्यवस्थाओं को अधिक सुगम, सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से हाई पावर्ड कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंदिर प्रबंधन और प्रशासन ने कुल 16 बिंदुओं पर चर्चा करते हुए कई अहम फैसले लिए।
बैठक का सबसे प्रमुख निर्णय ‘फूल बंगला सेवा’ को लेकर लिया गया। कमेटी ने तय किया कि अब इस सेवा के लिए श्रद्धालुओं को 1,51,000 रुपये की आधिकारिक रसीद कटवाना अनिवार्य होगा। बताया गया कि वर्ष 2005 में शुरू हुई यह व्यवस्था 2018 में तकनीकी कारणों से प्रभावित हो गई थी और अब तक शुल्क सीधे सेवायतों द्वारा लिया जाता था, लेकिन अब इसे मंदिर की आधिकारिक प्रक्रिया और खाते के दायरे में लाया गया है।
श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मंदिर क्षेत्र में मिलावटखोरी पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। सहायक नगर आयुक्त द्वारा मंदिर क्षेत्र की 35 मिठाई दुकानों की सैंपलिंग कराई गई थी, जिसमें से 14 दुकानों के नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे। इस पर कमेटी ने एडीएम और नगर निगम को गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावटखोरी पर नियंत्रण के निर्देश दिए हैं।
मंदिर की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए अब सभी सेवकों और सेवादारों का अनिवार्य पुलिस वेरिफिकेशन कराया जाएगा। कमेटी का मानना है कि इससे भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना या कानूनी जटिलता से बचा जा सकेगा।
इसके अलावा विद्यापीठ मार्ग पर बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए नई रेलिंग लगाने का भी निर्णय लिया गया है। वहीं जगमोहन के माध्यम से सुलभ दर्शन और लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था पर कमेटी ने संतोष व्यक्त किया, जिससे देश-विदेश के श्रद्धालुओं को सुविधा मिल रही है।
बैठक में मौजूद अधिकारियों और कमेटी सदस्यों ने कहा कि मंदिर की गरिमा और भक्तों की सुविधा सर्वोपरि है, इसलिए इन निर्णयों को जल्द लागू करने की दिशा में काम किया जाएगा।








