MATHURA
LIBERAL MEDIA
वृंदावन स्थित बांके बिहारी मंदिर में उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब पुलिस अधिकारियों और मंदिर के सेवायतों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। मामला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मंदिर आगमन से पहले का बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसपी क्राइम अवनीश कुमार मिश्रा और सेवायतों के बीच कहासुनी बढ़ गई, जो देखते ही देखते हंगामे में बदल गई। इस दौरान सेवायत अनंत गोस्वामी ने आक्रोश में अपने कपड़े खुद ही फाड़ लिए, जिसका वीडियो भी सामने आया है।
हंगामा बढ़ने पर सुरक्षा कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद सेवायतों और उनके परिवार की महिलाओं को कटघरे से बाहर निकाला। सेवायतों ने पुलिस अधिकारियों पर बदसलूकी करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
बताया जा रहा है कि गोस्वामी समाज बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर के विरोध में नारेबाजी कर रहा था और “कॉरिडोर हाय-हाय” के नारे लगाए गए।








